हिमाचल प्रदेश अल्पसंख्यक वित्त एवं विकास निगम द्वारा महादेव सुंदरनगर के सामुदायिक भवन में एक जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया, जिसमें मुख्य अतिथि के रूप में हिमाचल प्रदेश राज्य सहकारी बैंक के निदेशक लाल सिंह कौशल ने भाग लिया।
अपने संबोधन में लाल सिंह कौशल ने बताया कि हिमाचल प्रदेश सरकार ने अपने कार्यकाल के दौरान अल्पसंख्यक और दिव्यांग व्यक्तियों के लिए कई कार्यक्रम और योजनाएं आरंभ की हैं। मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू के नेतृत्व में सुखाश्रय योजना की शुरुआत की गई है, जिसके तहत अनाथ बच्चों को विभिन्न प्रकार की सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। हाल ही में इस योजना के अंतर्गत बच्चों को शैक्षणिक भ्रमण पर भी भेजा गया था। उन्होंने यह भी बताया कि अल्पसंख्यक समुदाय के सदस्यों के लिए घर निर्माण हेतु 1 लाख 50 हजार रुपए का प्रावधान किया गया है।
मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने बाढ़ से प्रभावित लोगों के लिए 7 लाख रुपए की सहायता राशि प्रदान करने का निर्णय लिया है, ताकि वे अपने घरों का पुनर्निर्माण कर सकें। इसके साथ ही, किसानों के विकास के लिए मक्की और गोबर की खरीद के साथ-साथ अल्पसंख्यक वर्ग के लिए विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं की शुरुआत की गई है।
इस कार्यक्रम में हिमाचल प्रदेश अल्पसंख्यक वित्त एवं विकास निगम के प्रबंध निदेशक मनोज कुमार और प्रबंधक सी एल शर्मा ने उपस्थित लोगों को निगम की विभिन्न योजनाओं और कार्यक्रमों के बारे में जानकारी दी। उन्होंने बताया कि अल्पसंख्यक और विकलांग वर्ग के व्यक्तियों के लिए कई ऋण योजनाएं उपलब्ध हैं, जिनमें टर्म लोन योजना, शिक्षा ऋण योजना, सूक्ष्म वित्तपोषण योजना और विरासत योजना शामिल हैं।
इस अवसर पर सुंदरनगर धर्मशिला के तहसील कल्याण अधिकारी, गोहर के तहसील कल्याण अधिकारी दिवाकर, कांग्रेस सेल के एस सी कोऑर्डिनेटर सिद्धू राम भारद्वाज, ग्राम पंचायत महादेव के प्रधान नीलकमल, उप प्रधान दुनी चंद, वार्ड पंच उत्कर्ष, लालमन तथा अन्य प्रतिष्ठित व्यक्ति उपस्थित थे।
0 Comments